संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुड़गांव गांव के सरकारी स्कूल में आयोजित शीतला हॉकी प्रतियोगिता में दिल्ली की घुम्मनहेड़ा टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चैंपियन ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। फाइनल मुकाबले में घुम्मनहेड़ा की टीम ने मेजबान गुरुग्राम पार्षद टीम को कड़े संघर्ष के बाद 5-4 से मात दी। आयोजक कमेटी के अध्यक्ष राजेश सैनी ने बताया कि फाइनल मुकाबला शुरू से ही आक्रामक रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया। पहले हाफ तक दोनों टीमें 3-3 की बराबरी पर थीं लेकिन दूसरे हाफ में घुम्मनहेड़ा की टीम ने निर्णायक बढ़त बनाते हुए दो गोल किए, जबकि गुरुग्राम की टीम केवल एक गोल ही कर पाई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक मुकेश शर्मा के छोटे भाई और समाजसेवी हरविंद्र उर्फ काले ने हाकी ग्राउंड के लिए विधायक कोष से 24 लाख रुपये दिलाने की घोषणा की। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य राव राघवेंद्र, भूप सिंह सैनी, शिशुपाल सैनी, अशोक कुमार, रोहित चौहान, भूरू भाई, नरेश सैनी, एसीपी सजन दलाल, कैप्टन अजीत सिंह, भूपेंद्र सिंह, दिनेश दलाल, उज्जवल सिंह, सागर सैनी, राजकुमार सैनी और धर्मेंद्र धारीवाल मौजूद रहे।