अमर उजाला इंपैक्ट
9 अगस्त के अंक में अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी खबर
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शहर के अति व्यस्त दौलताबाद फ्लाई ओवर के नीचे सूरत नगर फेज-1 के पास लगा कूड़े का ढेर अब हटने लगा है। यहां पर शुक्रवार को नगर निगम की गाड़ियां कूड़ा उठाने पहुंच गईं और कूड़ा उठाना शुरू कर दिया। इस संबंध में अमर उजाला के बुधवार 9 अगस्त के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई थी। इसमें वहां के कूड़े के साथ-साथ उफनते सीवर से लोगों को हो रही परेशानी का जिक्र किया गया था।
सूरत नगर फेज-1 में पहुंचते ही फ्लाई ओवर के नीचे कूड़े की डंपिंग बना दी गई थी। यहां पर निराश्रित गोवंश को भी खाना तलाश करते देखा जा सकता था। इसके साथ ही सूरत नगर की गलियों में सीवर की लाइनों से गाद को निकालकर कर वहीं पर डाल दिया गया था। इससे लोगों का और वाहन चालकों का वहां से निकलना भी मुश्किल हो रहा था। यहां की समस्या की खबर प्रकाशित होने के बाद शुक्रवार को यहां नगर निगम की कूड़ा उठाने की वाली गाड़ियां पहुंच गईं। सूरत नगर की रहने वाली रीना सिंह, तन्नू, डॉ. सोमवीर, दिनेश कुमार, अचर्ना, सुनीता चावला, हरिकृष्ण आदि का कहना है कि कूडे़ के चलते बहुत परेशानी हो रही थी। अब कूड़ा उठ रहा है इससे राहत मिलेगी।