न्यू गुरुग्राम। चौमा फाटक के पास सड़क किनारे कई महीनों से जमा कूड़े का ढेर लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। पालम विहार, साहिब कुंज, गंगा नगर और शंकर विहार समेत आसपास की कई कॉलोनियों के लोग यहां से रोजाना गुजरते हैं। कूड़े के ढेर से उठने वाली बदबू और गंदगी के कारण राहगीरों को आवाजाही में दिक्कतों सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि नियमित रूप से नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी नहीं आती है। इसकी वजह से कई लोग खुले स्थान पर ही कूड़ा फेंक देते हैं। बारिश के दौरान स्थिति और भी खराब हो जाती है। गीले कचरे से बदबू बढ़ जाती है और आसपास के इलाकों में कचरा भी फैल जाता है। निवासी कुलदीप, विनोद कुमार और डाॅ. योगेश ने बताया कि कई बार इस बारे में प्रशासन को शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने नगर निगम से नियमित रूप से कूड़ा उठाने और खुले में कूड़ा फेंकने पर रोक लगाने की मांग की है। संवाद