यहां 56 दिनों से चल रही है सफाई कर्मचारियों की हड़ताल
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा 52 टीमों को लगाकर शहर में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य किया जा रहा है। विशेष सफाई अभियान के तहत संयुक्त आयुक्त सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचकर कूड़े-कचरे काे उठवा रहे हैं। पुराने नगर निगम कार्यालय के आगे पड़े कूड़े को उठवाने के लिए निगम के अधिकारी कोई कदम नहीं उठा रहे। माना जा रहा है कि पुराने नगर निगम कार्यालय में हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों की वजह से नगर निगम अधिकारी यहां आने का साहस नहीं कर पा रहे।
पिछले 56 दिनों से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी है। पहले दिन से ही पुराने नगर निगम कार्यालय के आगे और अपना बाजार इमारत के सामने कूड़ा नहीं उठाया गया है। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में सदर बाजार व रोशनपुरा से कई बार कूड़ा-कचरा उठवाया गया है, लेकिन नगर निगम कार्यालय व अपना बाजार के सामने कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। लोग भी अपने घरों का कूड़ा इन्ही दोनों जगहों पर डाल रहे हैं। यहां पड़े कूड़े के बारे में नगर निगम के अधिकारियों से बात की जाती है तो वे सिर्फ इतना ही कह पाते हैं कि जल्द ही सफाई कराई जाएगी।
नगर निगम की ओर से चलाए गए विशेष सफाई अभियान के मंगलवार को चार दिन बीत चुके हैं। अब देखना है कि नगर निगम पुराने कार्यालय, अपना बाजार के सामने सहित रोशनपुरा क्षेत्र में बाकी बचे तीन दिनों में से कौन से दिन कूड़ा उठता है या फिर विशेष सफाई अभियान के तहत अधिकारी व सफाई करने वाली टीम के कर्मचारी यहां पहुंच पाते हैं या नहीं।