दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति की सुरक्षा में पीएसएस के जवान भी हैं शामिल
एंटी रेडिएशन टीम व एंटी ड्रोन टीम की है निगरानी
92 लोगों का प्रतिनिधि मंडल है दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति के साथ
मयंक तिवारी
गुरुग्राम। जी-20 की बैठक में शामिल होने आए दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति की सुरक्षा में एनएसजी के स्नाइपर तैनात है। होटल के पास की हाईराइज बिल्डिंग से पूरे परिसर पर नजर रखी जा रही है। यह जवान किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने को 24 घंटे तैयार हैं। इसके साथ ही यहां एनडीआरएफ की भी एक टीम तैनात है। किसी तरह का केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोएक्टिव या न्यूक्लियर अटैक होता है तो उससे निपटने के लिए एंटी रेडियशन टीम भी मौके पर तैनात है।
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यूं सुक येओल का काफिला सुबह नौ बजे दिल्ली रवाना हुआ। सुरक्षा में साथ आई पीएसएस की टीम भी शामिल है। जिसकी निगरानी में उन्हें रखा गया है। पूरे क्षेत्र पर एंटी ड्रोन टीम की ओर से नजर रखी जा रही है। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति का काफिला छह बजे ओबेरॉय होटल आ गया था। दक्षिण कोरिया की कंपनी व दूतावास के अन्य लोगों को क्रम के अनुसार रात्रि भोज में शामिल किया गया ।
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर पसरा सन्नाटा
जी-20 की बैठक में आने वाले विदेशी मेहमानों की सुरक्षा में इतने पुलिस के जवान तैनात हैं कि आम आदमी उस ओर से निकलने से बच रहा है। हाईवे पर किसी भी वाहन को नहीं निकलने दिया जा रहा है।
होटल प्रबंधन की ओर से रखे गए हैं ट्रांसलेटर
कोरियन भाषा का प्रयोग करने वालों को किसी प्रकार की समस्या न हो इसके लिए होटल प्रबंधन की ओर से ट्रांसलेटर रखें गए हैं। डिनर में उनको कोरियन खाने के साथ भारतीय व्यंजन भी दिया गया। जिसे वह इच्छानुसार ले रहे थे।
रविवार को भी रहेगा सन्नाट
जी-20 की बैठक के दौरान पुलिस को खास मशक्कत नहीं करनी पड़ रही है। दिल्ली की ओर से मिलने वाली गाइड लाइन का पालन किया जा रहा है। कार में कौन-आ रहा है और कौन जा रहा है। इसका अन्य किसी से कोई लेना देना नहीं है। सुरक्षा अधिकारी के अनुसार रविवार को भी इसी तरह का माहौल रहेगा।
सामान्य तरीके से बातचीत करते दिखे दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति
ओबेरॉय होटल में दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति लॉबी में बैठकर सामान्य तरीके से अपने प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों से बातचीत करते नजर आए। उनकी सुरक्षा में तैनात लोग जरूर आए हैं मगर अपने देश के नेताओं की तरह प्रोटोकाल नजर नहीं आया। उनके आस-पास लाव लश्कर नहीं दिखा। यहां पर सुरक्षा में तैनात एक अधिकारी की माने तो सब कुछ सामान्य नजर आ रहा है।