- बादशाहपुर क्षेत्र में शराब पीने के दौरान हुई वारदात
टैक्सी से टक्कर मारकर दोस्त की हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बादशाहपुर क्षेत्र में शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी पर टैक्सी से टक्कर मारकर दोस्त की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में गहनता से जांच की जा रही है।
बादशाहपुर थाना पुलिस को बुधवार देर रात को सूचना मिली कि दरबारीपुर गांव के पास एक टैक्सी चालक को टक्कर मारकर मौत के घाट उतार दिया है। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। अलवर जिले में गांव जटवाड़ा का रहने वाला मिथुन दिल्ली के महिपालपुर में टैक्सी चलाता था। वह बुधवार को दरबारीपुर गांव के पास रहने वाले अपने टैक्सी चालक दोस्तों के पास आया था।
बताया जा रहा है कि सभी टैक्सी चालक आपस में बैठकर शराब पी रहे थे। इस दौरान मोबाइल फोन को लेकर उनका मिथुन के साथ झगड़ा हो गया। जिसके बाद टैक्सी चालकों ने अपनी टैक्सी से मिथुन को कई बार टक्कर मारी। वारदात में मिथुन की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले में जांच कर रही है। थाना प्रभारी सतीश कुमार का कहना है कि अभी यह जानकारी नहीं मिल सकी है कि मृतक के साथ उसके कौन से दोस्त थे। पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।