अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बिहार पैसे भेजने के नाम पर लालच देकर एक व्यक्ति के खाते से 51 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। डीएलएफ फेज दो थाना पुलिस ने दो अज्ञात के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार शिकायत में आईएमटी मानेसर सेक्टर-1 की निजी कंपनी में नौकरी करने वाले कौशिक मिश्रा ने बताया कि 21 जून की रात लगभग 9 बजे वो इफको चौक पर फुटओवर ब्रिज के नीचे पहुंचे तो एक व्यक्ति ने उसे रोककर बिहार पटना का पता पूछा। कौशिक ने उसे बता दिया और तभी वहां एक अन्य व्यक्ति आया और उससे भी पता पूछा गया। फिर पता पूछने वाला बोला कि मैं हरियाणा में काम करता हूं, मेरे पास बैंक खाता नहीं है, मुझे सैलरी के रुपये कैश में मिले हैं। आप मेरे खाते में बिहार पैसे ट्रांसफर कर दो। फिर दूसरा व्यक्ति उसे पास के एटीएम पर ले गया और कौशिक को बाहर रुकने को कहा। फिर दोनों ने कौशिक को कहा कि आप यदि इसके खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दो तो आपको 5 हजार रुपये अधिक दे देंगे।
दोनों लोगों ने रुपये दिखाए और पीड़ित के मोबाइल में यूपीआई एप खोलकर बैलेंस देखा। फिर कैश और मोबाइल एक बैग में डाल दिया और वहीं रुकने को कहकर बातों में उलझाकर आरोपी वहां से भाग गए। बाद में पता चला कि आरोपियों ने मोबाइल का प्रयोग कर यूपीआई के जरिये 50900 रुपये ट्रांसफर कर लिए। खाते से रुपये निकलने का पता चलने पर सोमवार 24 जून को शिकायत पुलिस को दी गई।