अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-10 क्षेत्र में महिला व उसके साथी द्वारा एक महिला को झांसे में लेकर लाखों के जेवरात ठगने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में गांव हरसरू की सत्यवती ने कहा कि वह चार अप्रैल को अपनी बहन और पोती के साथ जा रही थी। रास्ते में उसे एक महिला ने रोका जिसने एटीएम में रुपये जमा करवाने के लिए मदद मांगी। महिला ने बताया कि वह बहादुरगढ़ से आई है। इस पर उसने उसे बैंक जाने के लिए कहा। इसी दौरान एक व्यक्ति व एक महिला ने पीड़िता से कहा कि हमें इस महिला की मदद करनी चाहिए, कहीं कोई और व्यक्ति इसे ठग ना ले। कुछ देर बात करने के बाद सभी ने उसको अपनी बातों में उलझा लिया। उन्हें नोटों की गड्डी के नाम पर कागज की गड्डी पकड़ा दी और उनके सोने के कंगन ले लिए।
आरोपियों ने उन्हें कहा कि वह महिला को खाना खिला कर वापस आ रहे हैं और उसके बाद बैंक चले जाएंंगे। तब तक वह उनके रुपये अमानत के तौर पर अपने पास रख ले। काफी देर तक जब वह नहीं लौटे तो महिला ने नोटों की गड्डी से कपड़ा हटा कर देखा तो पाया कि यह कागज की गड्डी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।