प्राॅपर्टी डीलर ने करार कराने के बाद पीड़ित से रुपये ऐंठे
पीड़ित प्लाॅट देखने गया तो पता चला कि ठग न किसी और को बेच दिया
धोखाधड़ी का खुलासा होने के बाद सेक्टर-10 थाने में मामला दर्ज कराया
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना में प्लाॅट दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से प्राॅपर्टी डीलर ने 24 लाख 50 हजार रुपये ठग लिए। प्राॅपर्टी डीलर ने प्लाॅट का करार कराने के बाद पीड़ित से पैसे ले लिए, बाद में जब पीड़ित प्लाॅट देखने गया तो पता चला कि वह किसी और को बेच दिया है। धोखाधड़ी का खुलासा होने के बाद पीड़ित ने सेक्टर-10 थाने में मामला दर्ज कराया।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-92 निवासी योगेंद्र सिंह ने बताया कि दस माह पहले वह एक दोस्त के माध्यम से मनोज कुमार नाम के व्यक्ति से मिले थे। उसने पीड़ित को सोहना में प्लाॅट देखने के लिए कहा। उसने सोहना में एक प्लाॅट देखा और मनोज से इसे खरीदने के लिए कहा। इसके बाद मनोज ने योगेंद्र और जयप्रकाश के बीच जमीन का करार करा दिया। मनोज ने योगेंद्र से एडवांस के रूप में नौ लाख रुपये ऑनलाइन ले लिए। इसके बाद घर पर दो बार में छह लाख रुपये और साढ़े नौ लाख रुपये नकद ले लिए। जब योगेंद्र दोबारा सोहना में प्लाॅट देखने गया तब उन्हें वह प्लाट दूसरे को बेच देने के बारे में पता चला।