गुरुग्राम। डेबिट कार्ड बदलकर एटीएम के जरिये बैंक खाते से रुपये निकालकर ठगी मामले में पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तर किया है। आरोपी 37 साल का शाकिर पलवल के उटावड गांव का रहने वाला है। मामले में 24 सितंबर 2025 को एक व्यक्ति ने शहर थाना में शिकायत दी थी। इसमें बताया गया कि मेट्रो ऑटोमोबाइल पार्ट्स की दुकान पर सामान खरीदने के दौरान उनका डेबिट कार्ड बदल लिया गया। बाद में डेबिट कार्ड का प्रयोग कर एटीएम के जरिये उनके बैंक खाते से 23,900 रुपए निकाल लिए गए। शहर थाना पुलिस ने शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की। मामले में जांच करते हुए आरोपियों को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की गई। इस दौरान शाकिर का नाम सामने आया लेकिन वो गिरफ्तार नहीं किया जा सका था। इसके चलते पुलिस की ओर से उस पर पांच हजार रुपये का इनाम रखा गया था। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि अब तक इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में जांच अभी जारी है। ब्यूरो