आरोपियों से पिस्टल, कारतूस, दो डंडे और ऑटो बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। अपराध शाखा मानेसर की पुलिस ने राहगीरों को लूटने की योजना बनाते चार आरोपियों को खुशबू चौक के पास से बीते मंगलवार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पिस्टल, कारतूस, दो डंडे और ऑटो बरामद किए गए हैं। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नूंह के सिलखो गांव निवासी मुहम्मद रफीक, मुहम्मद तारीफ, मुहम्मद जमालुद्दीन और मुहम्मद के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ मानेसर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड जांचने पर पता चला कि आरोपी मुहम्मद तारीफ पर चोरी करने के तहत मामला नूंह में दर्ज है। आगे की कार्रवाई के लिए आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।