पुलिस ने 3,425 शिकायतों में ठगी का किया खुलासा, पुलिस रिमांड पूरी, जेल भेजे
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। कमिश्नरेट की साइबर पुलिस की टीम ने देश भर में 3,425 लोगों से 13 करोड़ 9 लाख रुपये की ठगी करने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को चार दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की। इसके बाद उनको अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपियों को जेल भेज दिया है।
एसीपी साइबर अपराध प्रियांशु दीवान ने बताया कि साइबर वेस्ट थाना की टीम ने विभिन्न ठगी की वारदातों को अंजाम देने वाल कुल 4 आरोपियों को काबू किया था। इनकी पहचान मोहित, महेश, विश्वकर्मा व मोहित मिश्रा के रूप में हुई थी। पुलिस टीम ने इनके कब्जे से मोबाइल फोन व सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर से डाटा अवलोकन कराने पर पता चला कि आरोपियों के खिलाफ देश भर में लगभग 13 करोड़ 9 लाख रुपये की ठगी के संबंध में 3,425 शिकायत दी गई हैं। इनके संबंध में 161 मुकदमे पूरे देश में दर्ज हैं। जिनमें से 10 अभियोग हरियाणा में दर्ज हैं। कमिश्नरेट गुरुग्राम के थाना साइबर अपराध, मानेसर में 1 व साइबर थाना पूर्व गुरुग्राम में एक अभियोग अंकित है।
जानकार बन कर वारदात को देते थे अंजाम
पुलिस को छानबीन के दौरान पता चला कि उपरोक्त आरोपी जानकार बनकर आनलाइन पैसे ट्रांसफर करके व कस्टमर की निजी जानकारी प्राप्त करके लोगो के क्रेडिट कार्ड से पैसों की धोखाधड़ी करने की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन, 2 सिमकार्ड व एक एटीएम कार्ड बरामद किया गया है।
वर्जन
साइबर पुलिस टीम ने आरोपियों को चार दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर जांच पूरी कर ली है। उसकी ओर से संबंधित थानों को दर्ज मामलों के आधार पर सूचना भेजी गई। - सिद्धांत जैन , डीसीपी साउथ, गुरुग्राम।