आठ साल पहले प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के तहत सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली पार्क में बनाया गया था हेलीपेड
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। आठ साल पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के तहत सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली पार्क में बनाए गए हेलीपेड की टाइल्स चोरी के मामले में शहरी स्थानीय निकाय विभाग को नगर निगम की ओर से 15 दिन के भीतर मुख्यालय रिपोर्ट भेजी जाएगी। विभागीय जांच के बाद कार्यकारी अभियंता सहित चार लोगों को दोषी पाया गया है। जिसके बाद मुख्यालय से इन पर होने वाली कार्रवाई को लेकर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। इनमें से एक अधिकारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं जबकि एसडीओ सहित दो जेई कार्यरत है।
बता दें कि नवंबर 2016 में लेजर वैली पार्क ग्राउंड में पीएम मोदी की सभा थी। इस दौरान लेजर वैली पार्क में हेलीपैड बना था। निगम की ओर से यहां पर करीब ढाई लाख टाइल्स लगाकर हेलीपैड बनाया गया था। इस पर करीब 21 लाख रुपये खर्च हुए थे। उस दौरान नगर निगम के तत्कालीन कार्यकारी अभियंता धर्मबीर मलिक की देखरेख में काम हुआ था।
उस दौरान टीम में एसडीओ कृष्ण कुमार, जेई भूपेंद्र और महबूब अली थे। पीएम की सभा के बाद अधिकतर टाइल्स चोरी हो गईं। इस बारे में पुलिस में भी केस कराया गया था। विजिलेंस से भी जांच कराई गई। नगर निगम की ओर से भी जांच बैठाई गई। यह मामला यूएलबी तक गया। इस मामले में जांच के दौरान कार्यकारी अभियंता, एसडीओ और दोनों जई की लापरवाही पाए जाने पर उनके खिलाफ चार्जशीट करने के अलावा अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश दिया है। पत्र में तत्कालीन कार्यकारी अभियंता धर्मबीर मलिक, एसडीओ कृष्ण कुमार, जेई भूपेंद्र और महबूब अली की चार्जशीट करने के आदेश दिए गए है। 15 दिन में चार्जशीट भेजने के अलावा एक्शन टेकन रिपोर्ट देने को कहा गया है।
मुख्यालय से पत्र मिल चुका है। विभागीय जांच रिपोर्ट के साथ जल्द ही संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट भेजी जाएगी। इस संदर्भ में संबंधित अधिकारी को रिपोर्ट तैयार करने का आदेश दिया गया है। - नरहरि सिंह बांगड़, नगर निगम आयुक्त, गुरुग्राम।