मोटे अनाज के व्यंजनों से होगी विदेशी मेहमानों की आवभगत
जी-20 शिखर सम्मेलन का कार्यक्रम तय, एक से तीन मार्च तक गुरुग्राम में होगी बैठक
प्रतापगढ़ फार्म में देखेंगे प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्रवासी पक्षियों का करेंगे दीदार
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। देश में पहली बार हो रहे जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए साइबर सिटी में होने वाली बैठक का कार्यक्रम तय हो गया है। यहां एक से तीन मार्च तक विदेशी मेहमानों का मेला लगेगा। सम्मेलन में आने वाले मेहमानों को हरियाणा के परंपरागत खीर-चूरमा के अलावा बाजरे की खिचड़ी के साथ मोटे अनाज के व्यंजनों परोसे जाएंंगे।
तीन दिवसीय बैठक के दौरान वैश्विक स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था में भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के उपायों पर चर्चा होगी। यहां जी-20 के भ्रष्टाचार निरोधी कार्यकारी समूह (एंटी करप्शन वर्किंग ग्रुप) की बैठक होगी। इसके जरिए प्रदेश के पास अपनी वैभवशाली-ऐतिहासिक और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से विश्व को रू-ब-रू कराने का बेहतरीन मौका होगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बृहस्पतिवार देर शाम नई दिल्ली में गुरुग्राम सहित प्रदेश के आला अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारी का खाका खींचा।
पक्षी उद्यान और कैमरा म्यूजियम घूमेंगे
शहर की चकाचौंध से दूर विदेशी मेहमानों को कुछ चुनिंदा पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण कराया जाएगा। मेहमानों को सुल्तानपुर राष्ट्रीय पक्षी उद्यान में प्रवासी पक्षियों का दीदार कराया जाएगा। इसके साथ ही कैमरा म्यूजियम में विदेशी मेहमान नागासाकी और हिरोशिमा पर परमाणु बम धमाके जैसी अतीत की गई दुखद और सुखद घटनाओं और यादों से रू-ब-रू हो सकेंगे। सरकार की ओर से मेहमानों को घुमाने-फिराने का पूरा इंतजाम किया जा रहा है।
संयुक्त राष्ट्र ने साल 2023 घोषित किया गया मिलेट वर्ष
बैठक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अधिकारियों से कहा कि संयुक्त राष्ट्र की ओर से साल 2023 को मिलेट वर्ष घोषित किया गया है, इसलिए मेहमानों को मोटे अनाज के व्यंजन पेश किए जाएं। शिखर सम्मेलन में आने वाले मेहमान हरियाणा के परंपरागत खीर-चूरमा जैसे व्यंजनों के साथ मोटे अनाज के व्यंजनों का लुत्फ ले सकेंगे।