मोटे अनाज से बने व्यंजन और खास तरह की मिठाइयां आईं बेहद पसंद
राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पहुंचे मेहमानों के सम्मान में दिए रात्रिभोज में
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। प्रदेश की कला-संस्कृति, खान-पान और आतिथ्य सत्कार से जी-20 के भ्रष्टाचार विरोधी कार्य समूह की बैठक में पहुंचे विदेशी मेहमान बेहद प्रभावित हुए। मेहमानों के सम्मान में दिए रात्रि भोज में संवाद कार्यक्रम में मेहमानों ने हरियाणा के व्यंजनों, कला-संस्कृति पर आधारित पेंटिंग की प्रदर्शनी व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जमकर सराहना की। कलाकारों के प्रस्तुत किए गए गीत और नृत्य से वह बेहद प्रभावित हुए। मोटे अनाज से बने व्यंजन और खास तरह की मिठाइयां भी मेहमानों को बेहद पसंद आए। भोज में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, मुख्यमंत्री मनोहर लाल और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला भी पहुंचे। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद थे।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ यहां पर होने वाले मंथन के साथ-साथ मेहमानों को प्रदेश के प्रमुख महत्व वाले स्थानों, कला-संस्कृति, खान-पान आदि विविध पहलुओं से रूबरू कराया जा रहा है। सरकार की मेजबानी से प्रतिनिधि बेहद प्रभावित नजर आए। कनाडा, इटली, ऑस्ट्रिया, मॉरीशस, स्विटजरलैंड व इंडोनेशिया आदि से आए मेहमानों ने मेजबानी और गुरुग्राम शहर को लेकर खुलकर प्रशंसा की। कई प्रतिनिधि पहली बार भारत आए थे।