गुरुग्राम। विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के एक विदेशी डेलीगेशन ने बुधवार को गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) का दौरा कर गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के निर्माण कार्यों की जानकारी ली। दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल को परियोजना की तकनीकी विशेषताओं, निर्माण प्रक्रिया और भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया गया। प्रतिनिधिमंडल में नेपाल, श्रीलंका, भूटान, कजाकिस्तान सहित अन्य देशों के अधिकारी शामिल रहे। टीम ने जीएमआरएल अधिकारियों के साथ बैठक कर मेट्रो परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की और निर्माण कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। जीएमआरएल अधिकारियों ने प्रतिनिधियों को बताया कि गुरुग्राम मेट्रो परियोजना शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रतिनिधिमंडल ने परियोजना के क्रियान्वयन मॉडल, तकनीकी मानकों, वित्तीय ढांचे और संचालन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। ब्यूरो