-मृतक के चचेरे भाई की शिकायत पर सुशांत लोक थाना पुलिस ने दर्ज किया मामला, सीसीटीवी फुटेज से ट्रक चालक की तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-43 में एक कॉलोनी के पास शनिवार रात तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से नेपाल मूल के युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान नेपाल के कंचनपुर जिले के दोधारा चांदनी गांव निवासी निर्मल के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित एक सोसाइटी में रहता था। मृतक के चचेरे भाई की शिकायत पर सुशांत लोक थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। मृतक के चचेरे भाई सुभाष ने पुलिस को बताया कि निर्मल उनसे मिलने आया था। शनिवार रात करीब एक बजे खाना खाने के बाद वह किराए के कमरे पर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। परिजन निर्मल को गंभीर हालत में उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। जांच अधिकारी एएसआई संजीव कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर ट्रक और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।