सेक्टर-40 में दो युवकों ने वाहन जांच के नाम पर दिया वारदात को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-40 थाना क्षेत्र में फर्जी पुलिसकर्मी (सीआईए) बनाकर ठगों ने एक साॅफ्टवेयर इंजीनियर से पांच हजार रुपये ठग लिए। आरोपियों ने पीड़ित से उसकी स्कूटी की नंबर प्लेट सही नहीं होने पर दस हजार का चालान करने को कहा था। बाद में पांच हजार रुपये पेटीएम से लेकर चले गए। आरोपी पीड़ित का ईयर फोन भी ले गए। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।
मूलरूप से वैशाली, गाजियाबाद यूपी निवासी अहिंसा आकाश किराए पर न्यू अशोक नगर दिल्ली में रहते हैं और एक कंपनी में सीनियर सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। पीड़ित सेक्टर 39 साइबर पार्क गुुरुग्राम में कंपनी कार्यालय आए थे। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि तीन मार्च की सुबह करीब 11:30 बजे काम करने के बाद यूपी नंबर की स्कूटी से वापस जा रहे थे। सेक्टर 40 सर्विस रोड पर दो लड़कों ने जांच के नाम पर स्कूटी को रुकवा लिया और बोले कि वह सीआईए से हैं। स्कूटी पर आईएनडी नंबर प्लेट नहीं है और दस हजार का चालान होगा। मैनेज करना है तो 5000 रुपये भरो। इस पर पीड़ित ने अपने छोटे भाई अभिनव आकाश से 5000 गूगल पे से मंगवाए और पेटीम से आरोपियों को ट्रांसफर कर दिया। आरोपियों ने पांच हजार रुपये लेने के बाद बैग चेक किया। आरोपियों ने बैग से ईयर फोन निकाल लिया, जिसकी कीमत 10,000 रुपये है। पीड़ित के अनुसार, जिस नंबर पर उसने रुपये ट्रांसफर किए थे, उसका नाम दिनेश सुहाग आ रहा था। शिकायत पर सेक्टर 40 थाना पुलिस ने दो अज्ञात युवकों पर केस दर्ज कर लिया है।