गुरुग्राम व पंचगांव पार्किंग में निगरानी के लिए लगेंगे सीसीटीवी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। अवैध खनन रोकने के लिए जिले में पांच विशेष निगरानी टीमें बनाई गई हैं। यह टीमें अवैध खनन को बढ़ावा देने वाले वाहनों की भी निगरानी करेंगी।
जिला उपायुक्त ने शुक्रवार को यह आदेश जारी किए। भोंडसी, सोहना, पंचगांव, पटौदी सहित फर्रुखनगर क्षेत्र में यह टीमें सक्रिय होंगी। जिला उपायुक्त ने बताया कि विशेष टीमों में विभिन्न विभागों के फील्ड अधिकारियों को शामिल किया गया है। गुरुग्राम और पंचगांव पार्किंग में सीसीटीवी कैमरे लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
जिला उपायुक्त निशांत कुमार ने बताया कि इसके लिए समीक्षा बैठक ली गई। इसमें बिंदुवार जानकारी मांगी गई है। खनन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जून माह में पांच वाहन पकड़े गए। यह वाहन अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त मिले। जिला खनन अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि एक वाहन पर चार लाख चालीस हजार की पेनल्टी लगाई गई। मिट्टी के अवैध उठान व सोहना क्षेत्र में स्थित फार्महाउस में अवैध रूप से मंगाए गए पत्थरों पर कार्रवाई की गई। इसमें संल्पित व्यक्तियों पर 2,47,882 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
बैठक में सोहना के एसडीएम प्रदीप सिंह, डीसीपी साउथ सिद्धांत जैन, मंडल वन अधिकारी राजीव तेजयान, गुरुग्राम के एसडीएम रविन्द्र यादव सहित खनन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।