डीटीपी प्रवर्तन ने की कार्रवाई, ढाबा भी गिराया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) प्रवर्तन विभाग द्वारा मंगलवार को बादशाहपुर और पटौदी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पांच अवैध कॉलोनियों में हो रहे निर्माण और चल रहे ढाबे को ध्वस्त कर दिया गया। साथ ही अवैध निर्माण करने वालों को चेतावनी दी है कि अगर अवैध निर्माण जारी रखा तो उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जा सकता है।
डीटीपी प्रवर्तन विभाग को सूचना मिल रही थी कि पटौदी और बादशाहपुर में कुछ लोग अवैध कॉलोनियों को विकसित कर रहे हैं। जांच में शिकायत सही पाई गई। इसके बाद प्रवर्तन विभाग की टीम मंगलवार को डीटीपी विनेश कुमार के साथ स्थानीय पुलिस बल के साथ बादशाहपुर पहुंची। यहां पर सेक्टर-69 और सेक्टर-70 में अवैध कॉलोनियां बनाई जा रही थीं। सेक्टर-69 में पांच एकड़ में बनाई जा रही अवैध कॉलोनी में 10 डीपीसी स्तर तक के निर्माण, एक ढाबा, चार निर्माणाधीन मकान और सड़कों के नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया।
सेक्टर-70 में दो एकड़ में बनाई जा रही अवैध कॉलोनी में 6 डीपीसी स्तर तक के निर्माण और सड़कों के नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। यहां पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी के कार्यकारी अभियंता विक्रम सिंह मौजूद थे। साथ ही जेई तकदीर सिंह, शुभम शर्मा आदि मौजूद रहे। विभाग की एक अन्य टीम डीटीपी सुमित मलिक के साथ पटौदी के गांव जाटौली पहुंची। यहां पर अवैध तीनों कॉलोनियों में 95 डीपीसी स्तर तक के निर्माण, 22 बाउंड्रीवाॅल और चार निर्माणाधीन मकानों को ध्वस्त कर दिया। यहां पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर जीएमडीए के एसडीई राजेश यादव मौजूद थे। जेई आनंद आदि मौजूद रहे।