मिलेनियम सिटी में साढ़े चार घंटे में तालाब बनीं सड़कें, चौक चौराहों से लेकर हाईवे तक जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मानसून की पहली बारिश आम आदमी के लिए राहत के साथ आफत लेकर आई। सुबह ऑफिस व रोजमर्रा के कामों के लिए निकले लोग कदम-कदम पर जलभराव व जाम में फंसकर रह गए। साढ़े चार घंटे की बारिश से चौक-चौराहे पर पानी भर गया। हाईवे से लेकर प्रमुख सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। जलभराव के बीच वाहन बंद हो गए। ऐसे में वाहन चालकों को खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार की अल सुबह शुरू हुई बारिश से शहर के कई हिस्से जलमग्न हो गए। पुराने और नए गुरुग्राम के कई इलाकों की कई सड़कों पर दो फुट तक जलभराव होने से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया। बारिश होते ही दिल्ली-जयपुर हाईवे पर नरसिंहपुर में मुख्य लेन और सर्विस लेन पानी में डूब गई। इससे वाहनों के ब्रेक लग गए और हीरो होंडा चौक से नर्सिंगपुर तक ट्रैफिक जाम लग गया। हाईवे और सर्विस लेन पर हुए जलभराव में कई वाहन बंद हो गए। नरसिंहपुर में जलनिकासी सिर्फ पंपों के भरोसे है और कोई स्थायी इंतजाम नहीं किया गया है। वहीं, सुभाग चौक से वाटिका चौक तक वाहन रेंगते रहे। जल्दी निकलने के प्रयास में टी प्वाइंटों पर बार-बार वाहनों के आपस में फंसने से जाम लगता रहा। इसके अलावा ओल्ड दिल्ली रोड पर पॉस्को चौक, शनि मंदिर तिराहा, एमजी रोड, डीएमएफ फेज-3 समेत अन्य इलाकों में जाम के बीच यातायात रेंगता रहा।
इनसेट
प्राचीन साईं मंदिर में घुटनों तक भरा पानी
साढ़े चार घंटे की बारिश में निगम और जीएमडीए के तमाम दावे धुल गए। डीएलएफ फेज-3 के प्राचीन साईं मंदिर प्रांगण में घुटने तक पानी भर गया। आचार्य नूतन देव ने बताया कि जलभराव से श्रद्धालुओं को परेशानी हुई। इसके अलावा सेक्टर-56 के ईसाई और मुस्लिमों के कब्रिस्तान भी जलमग्न हो गए। शीतला माता मंदिर के सामने सड़क पर जलभराव रहा। प्रसाद की दुकानों में पानी घुस गया। वहीं, पटेल नगर, सेक्टर-45, आरडी सिटी, सेक्टर-21, ग्रीनवुड सिटी ब्लॉक-ए,बी,सी, सेक्टर-56, 57, सेक्टर-3,5,6 वजीराबाद, सेक्टर-51,52,55, बादशाहपुर, सिकंदरपुर, पालम विहार, विपुल वर्ल्ड ब्लॉक-बी,सी,डी, सेक्टर-4, 23ए 27, खाड़सा, भीमनगर, शिवाजी नगर, पटेल नगर, शीशपाल विहार समेत कई जगहों पर जलभराव रहा।
इनसेट
जलभराव में बच्चों ने की मस्ती
साढ़े चार घंटे की बारिश से सड़क व पार्कों में हुए जलभराव में बच्चों ने जमकर मस्ती की। सेक्टर-14 स्थित एयर फोर्स केंद्रीय विद्यालय के सामने ओल्ड दिल्ली रोड तालाब में तब्दील हो गई। करीब 800 मीटर सड़क पर घुटनों तक पानी भर गया। सड़क पर जलभराव में बच्चों डुबकी लगाकर मौजमस्ती की। सड़क से गुजरने वालों ने बच्चों की मस्ती की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। सड़क पर गुजरते यातायात के बीच जलभराव में डुबकी लगाने से छोटे बच्चों के साथ कोई भी हादसा हो सकता था। इस दौरान वहां खड़े ट्रैफिक पुलिस ने उन्हें टोकने की जहमत तक नहीं उठाई। इसी तरह सेक्टर-21 के पार्क में जलभराव के बीच मस्ती करते बच्चों का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
इनसेट
जलभराव के बीच गड्ढे में गिरी कार
ताऊ देवी लाल पार्क के सामने सेक्टर-22/23 सड़क पर बने गड्ढे में जलभराव के चलते एक कार गिर गई। कई जगहों पर जलभराव के बीच कार व दो पहिया वाहन बंद हो गए। ऐसे हालात के बीच प्रशासन के इंतजामों पर लोगों का भरोसा डगमगा गया है। पालम विहार निवासी आदर्श कुमार ने बताया कि शहर के इलाकों में पानी भरना आम बात है। चंद घंटों की बारिश में पूरा शहर जलमग्न हो गया। आगे के दिनों में होने वाली मानसून की बारिश में शहर के हालात बेहद खराब होंगे। ऐसे में शहरवासियों के लिए घर से निकलना मुश्किल हो जाएगा।