बादशाहपुर। सेक्टर-50 स्थित निर्वाणा कंट्री के साउथ क्लोज के सामने जीसीईआर पर दोपहर के समय खुले में डंप किए गए कचरे में अचानक आग लग गई। कचरे में आग लगने से मौके पर धुआं फैल गया। आग की सूचना मिलने के बाद टीसीएस सोसाइटी के निवासियों ने फायर टेंडर को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची दमकल टीम की टीम ने आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझाए जाने से बड़ा हादसा टल गया। सोसाइटी के लोगों के अनुसार, जीसीईआर के इस हिस्से में लंबे समय से खुले में कचरा डंप किए जाने और कचरा जलने की समस्या बनी हुई है। उनका कहना है कि यहां कचरा जमा होने के कारण कई बार आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इस संबंध में स्थानीय लोगों की ओर से कई बार सोशल मीडिया के माध्यम से प्रशासन और संबंधित विभागों को अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से दोबारा कचरे में आग लगने की घटना सामने आई है। संवाद