फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gurugram News: फायर बॉल फैक्टरी में ब्लास्ट से लगी आग, चार की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
आठ लोग घायल, कंपनी मालिक गिरफ्तार
विज्ञापन



अमर उजाला ब्यूरो

गुरुग्राम। सेक्टर 104 स्थित दौलताबाद इंडस्ट्रियल क्षेत्र में फायर उपकरण बनाने वाली फैक्टरी में ब्लास्ट होने से देर रात आग लग गई। इस दौरान धमाकों से पूरा इलाका दहल गया। इस हादसे में कंपनी में तैनात एक सुरक्षा गार्ड सहित 4 लोगों की मौत हो गई। जबकि आठ लोग घायल हो गए हैं। जिनको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। कंपनी में धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के मकान तक हिल गए। करीब 9 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबे में दबे लोगों को मृत अवस्था में बाहर निकाला गया जिनके शव पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं। वहीं दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर अभी भी जांच कर रही हैं। अधिकारियों की माने तो रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो चुका है, लेकिन रुक रुक कर आग सुलग रही है जिसे काबू करने के लिए दमकल की टीमें मशक्कत कर रही हैं। मामले में पुलिस ने कंपनी के मालिक संदीप को गिरफ्तार कर लिया है।
हादसा अल सुबह करीब 2.30 बजे हुआ। फायर अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि दौलताबाद इंडस्ट्रियल एरिया की कंपनी प्लॉट नंबर-200 जीएफओ रिसर्च एंड डेवलपमेंट प्राइवेट लिमिटेड में भीषण आग के बाद धमाके हो रहे हैं। इसके बाद दमकल की 24 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इस फैक्ट्री में आग रोकने के लिए फायर बॉल बनाई जाती थी। इन फायर बॉल को बनाने के लिए चार दिन पहले ही रॉ मेटीरियल आया था। रात को जब मजदूर यहां काम कर रहे थे तो यहां शॉर्ट सर्किट हुआ जिसके कारण जोरदार धमाका हो गया। इस धमाके की गूंज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। इस धमाके के कारण फैक्ट्री के परखच्चे उड़ गए और आसपास की फैक्ट्री की छत उड़ने के साथ ही कई दीवारों में दरार आ गई। पास ही एक दीवार गिर गई। नजदीक की कई कॉलोनियों में खिड़कियों के शीशे टूटने के साथ ही दीवारों में दरार आ गईं। बताया जा रहा है की जोरदार धमाके के बाद करीब आधे घंटे तक यह फायर बॉल फटती रहीं जिसके कारण लोगों में दहशत का माहौल बन गया। धमाकों के कारण फैक्ट्री में लगी टीनशेड और पत्थर उड़कर करीब 200 मीटर दूर तक जा गिरे। इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई है जबकि आठ लोग घायल हो गए हैं जिनका नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है। मरने वालों की पहचान कंपनी में काम करने वाले लक्ष्मण विहार के 28 वर्षीय कौशिक, यूपी के रायबरेली निवासी 26 वर्षीय अरुण, 23 वर्षीय प्रशांत निवासी गांव मोडी जिला इटावा उत्तर प्रदेश व गार्ड की नौकरी करने वाले दिल्ली के करोलबाग निवासी 59 वर्षीय राम अवध के रूप में हुई।
विज्ञापन
विज्ञापन


डीसीपी वेस्ट करण गोयल ने बताया कि आग लगने का वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। फैक्टरी में पड़े केमिकल व फायर बॉल के चलते विस्फोट हुए हैं। पुलिस ने फैक्टरी मालिक संदीप निवासी पार्क व्यू अपार्टमेंट, राजेन्द्रा पार्क, गुरुग्राम को गिरफ्तार कर लिया है। यह भी जांच की जा रहा है कि इस फैक्ट्ररी के पास संबंधित लाइसेंस और एनओसी है या नहीं। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि फायर बॉल एक प्रकार का अग्निशामक यंत्र है जो गेंद के आकार का होता है और इसका उपयोग आग बुझाने के लिए किया जाता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें