अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-40 थाना क्षेत्र के एक क्लब में डांस फ्लोर पर हुए विवाद में चार लोगों ने दंपती से मारपीट की। वहीं युवकों द्वारा महिला के साथ अभद्रता किए जाने का आरोप भी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि वह सेक्टर-102 की रहने वाली है और 10 मार्च को वह अपने पति के साथ क्षेत्र के एक क्लब में गई थी। यहां क्लब में पार्टी करने के दौरान चार युवक उनके साथ अभद्रता करने लगे। जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने न केवल उनके साथ मारपीट की बल्कि उनसे छेड़छाड़ भी की। इस बारे में उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिकायत के आधार पर मारपीट व छेड़छाड़ की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। जांच के लिए क्लब में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली गई है। जांच के आधार पर ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।