आरोपियों ने पीड़ित को हथियार दिखाकर गोली मारने की धमकी दी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। रोडरेज में पानी सप्लाई करने वाले युवक से मारपीट करने व उससे लूटपाट करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़ित को हथियार दिखाकर गोली मारने की धमकी दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में संदीप ने बताया कि वह बीटेक पास है और पानी की सप्लाई का काम करता है। चार जुलाई की सुबह वह अपने ट्रैक्टर से पानी लेकर गंगा रियल्टी दोहला रोड जा रहा था। इस दौरान काले रंग की गाड़ी ने अचानक उसके ट्रैक्टर के आगे अपनी गाड़ी लगा दी और रवि यादव और उसके साथी दिनेश, नवीन ने पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी उससे पूछताछ करते हुए डंडों से मारपीट करने लगे। आरोप है कि मारपीट के साथ ही आरोपियों ने उसके गले से सोने की चेन व तीन हजार रुपए छीन लिए। आरोपियों ने उसे हथियार दिखाकर गोली मारने की धमकी दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।