अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सोहना रोड के एलिवेटेड फ्लाई ओवर पर मंगलवार सुबह करीब 11 बजे एक लैंड रोवर कार में अचानक आग लग गई। आग लगने के दौरान कार में चालक सहित चार लोग बैठे थे। वह सोहना की ओर जा रहे थे। कार में धुआं निकलते देख उसमें बैठे लोगों ने कूद कर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते कार लपटों से घिर गई।
आग लगने के बाद फ्लाई ओवर से गुजर रहे लोग इस आग को देखकर रुक गए। करीब आधे घंटे बाद दमकल विभाग के कर्मचारी फायर ब्रिगेड की गाड़ी के साथ मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी। सेक्टर-50 थाना के जांच अधिकारी पदम किशोर ने बताया कि गाड़ी में आग ओमेक्स मॉल के नजदीक लगी। गाड़ी को मोहित तोमर चला रहा था और आग लगने के दौरान तीन अन्य लोग गाड़ी में सवार थे। मोहित को पुलिस स्टेशन बुलाया गया था, लेकिन मंगलवार शाम तक वह थाना नहीं पहुंचा। वैसे इस आगजनी में कोई जनहानि नहीं हुई है।