पटौदी। दिवाली त्योहार में अब चार दिन शेष हैं। त्योहार नजदीक आते ही पटौदी क्षेत्र के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। बाजार रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से सजे हैं। दुकानों पर खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही तेज हुई है। शुक्रवार को धनतेरस का पर्व मनाया जाएगा। इसे देखते हुए बर्तन, सोने-चांदी के आभूषण और बिजली के सामान की दुकानों पर भीड़ है। लोग दिवाली के लिए लाइटें, दीये और सजावटी सामान भी खरीद रहे हैं। मिठाइयों और उपहारों की दुकानों पर भी चहल-पहल दिख रही है। गुरुग्राम ज्वेलर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष भारत भूषण समेत दुकानदारों ने ग्राहकों के लिए विशेष तैयारियां की हैं। उन्हें इस बार त्योहारों के दौरान अच्छे कारोबार की उम्मीद है। बाजारों में सुबह से शाम तक उत्साह बना हुआ है। संवाद