शिक्षा विभाग ने मेधावी विद्यार्थियों से मासिक व वार्षिक फीस नहीं लेने का लिया निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मिशन बुनियाद प्रोजेक्ट के तहत जिले के पांच केंद्रों में पढ़ रहे विद्यार्थियों से वार्षिक व मासिक फीस नहीं ली जाएगी। इससे मिशन बुनियाद में आईटी व नीट की प्रतियोगी परीक्षा की कोचिंग लेने वाले विद्यार्थियों को काफी फायदा होगा। पहले सरकारी स्कूलों से मिशन बुनियाद में चयनित विद्यार्थियों से वार्षिक व मासिक फीस ली जाती थी। शिक्षा विभाग ने इन विद्यार्थियाें से फीस व दाखिला फीस नहीं लेने का निर्णय लिया है। विद्यार्थियों को बुनियाद योजना से संबंधित किताबें, ड्रेस, स्टेशनरी का फंड भी उपलब्ध करवाया जाएगा। जोकि सीधा उनके खातों में डाला जाएगा।
सरकारी स्कूलों में आठवीं कक्षा में पढ़ रहे विद्यार्थियों की खंड व जिला स्तर पर परीक्षा करवाई जाती है। जो विद्यार्थी इस परीक्षा में उत्तीर्ण होते हैं, उनका मेरिट के आधार पर मिशन बुनियाद केंद्र में चयन किया जाता है। बुनियाद केंद्र में विद्यार्थी सुपर-100 प्रतियोगी परीक्षा के लिए कोचिंग लेते हैं, जिसमें आईटी व नीट शामिल हैं। स्कूलों में पढ़ाई के साथ-साथ बुनियाद केंद्र में चयनित विद्यार्थियों के लिए अलग से कक्षाएं भी लगाई जाती हैं। इन विद्यार्थियों को सेंटर में दो वर्ष के लिए निशुल्क कोचिंग दी जाती है।