फिरोजपुर झिरका। दिल्ली-अलवर रोड स्थित अनाज मंडी में शुक्रवार को नवयुक्त मार्केट कमेटी चेयरमैन राहुल जैन की अध्यक्षता में कमेटी सदस्यों के साथ विकास कार्यों को लेकर एक बैठक हुई। इस दाैरान मंडी से बाहर बगैर लाइसेंस के खुले में आढ़त की दुकान लगाने वाले आढ़तियों पर रोक लगाने की चर्चा की गई। मंडी में अनाज की आवक बढ़ाने के लिए मार्केट कमेटी चेयरमैन राहुल जैन ने बताया कि शहर एवं गांवों के समस्त आढ़तियों से बैठक कर अनाजमंडी में ही दुकानें लगाकर क्षेत्र के किसानों से उचित सरकारी मूल्यों पर फसलें खरीदने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अनाजमंडी में किसानों के साथ पारदर्शिता से कार्य होने एवं कृषि उत्पादों को सही और निष्पक्ष रूप से तोलने के लिए बिजली तौल मशीन स्थापित करने की मांग रखी गई। इस मौके पर तेजपाल जाटका, ओमप्रकाश रनियाला, चंद्र शेखर सरपंच पाटखोरी, सिनोद अग्गी, दीपक कुमार, जफरूद्दीन गुमल आदि लोग मौजूद रहे।