- एल्विश की यू-ट्यूब की कमाई से राहुल फाजिलपुरिया के नाम खरीदी थी जमीन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। लखनऊ प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने यूपी के बिजनौर में जिस जमीन को अटैच्ड किया है उस जमीन का खुलासा राहुल फाजिलपुरिया ने अपने लोकसभा चुनाव के शपथ पत्र में किया था। शपथ पत्र में जमीन की बात सामने आने के बाद ईडी ने उसके कागजात मांगे थे। जांच में इस बात का खुलासा हुआ कि फाजिलपुरिया के नाम से खरीदी गई इस जमीन पर यू-ट्यूबर एल्विश यादव की कमाई का पैसा लगा था।
जजपा के टिकट पर गुरुग्राम से लोकसभा चुनाव लड़ने वाले राहुल यादव फाजिलपुरिया ने एल्विश यादव के साथ यू-ट्यूब की कमाई से बिजनौर के झालू मोहल्ले की भारनगर पंचायत की तीन एकड़ जमीन खरीदी थी। जिसे ईडी ने जब्त किया है। दोनों के गुरुग्राम के बैंक खाताें में मौजूद पैसे को भी जब्त किया है। ईडी की कार्रवाई के बाद फाजिलपुरिया के घर पर सन्नाटा पसरा हुआ है। ईडी की जांच के चलते एल्विश ने राहुल से चुनाव में दूरी बना रखी थी, मगर ईडी की जांच में मोहाली की कंपनी की ओर से लांच हुए गाने की कमाई के लेन-देन में दोनों की हिस्सेदारी मिली है।
एल्विश का विवादों से रहा है नाता
यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी-2 के विनर एल्विश यादव की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। एक गाने की शूटिंग के दौरान पहले से सांप प्रकरण में फंसे एल्विश यादव अपने किसी ने किसी प्रकरण को लेकर चर्चा में ही रहते हैं। वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर के प्रतिबंधित क्षेत्र में फोटो खिंचवाने को लेकर भी वह चर्चा में आए थे। इस मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंची थी। इसके अलावा एल्विश द्वारा एक यूट्यूबर की पिटाई का वीडियो भी काफी वायरल हुआ था। यह मामला भी पुलिस तक पहुंचा था। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था।
पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किया था सम्मान
बिग बॉस ओटीसी सीजन-2 जीतकर आने के बाद एल्विश उस समय भी चर्चा में आए थे, जब हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उसे सार्वजनिक तौर पर मंच साझा करके सम्मानित किया था। गुरुग्राम के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया था।
पीएफए सदस्यों ने एल्विश से बताया था जान का खतरा
सांप और उनके जहर बेचने का आरोप लगाने वाले पीपुल्स फॉर एनिमल संस्था के पदाधिकारी सौरभ गुप्ता ने एल्विश और उनके साथी लवकेश कटारिया से अपनी जान को खतरा बताया था।