गुरुग्राम। पटौदी थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में घर के घेर की साफ-सफाई कर रहे एक व्यक्ति पर पड़ोसियों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की लिखित शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। रामपुर निवासी नंद किशोर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 सितंबर को वे घर के घेर के अंदर घास की सफाई कर रहे थे। उसी दौरान तीर्थ राम बेटे पवन और साधु के साथ उनके घेर में घुस आया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने हाथापाई की और धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। आरोप है कि इसके बाद बड़े बेटे ने धारदार हथियार से उनके चेहरे पर हमला कर दिया, जिससे वे लहूलुहान हो गए। पीड़ित का आरोप है कि तीर्थ राम और उसके छोटे बेटे ने भी डंडों से उनके साथ मारपीट की और पूर्व की शिकायतों को लेकर अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल रिशा ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। संवाद