गुरुग्राम-अलवर मार्ग पर हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। गुरुग्राम-अलवर मुख्य राजमार्ग शहीदी पार्क के पास ट्रक और बाइक की टक्कर में पिता-पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास खड़े लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पिता-पुत्री के शव को अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, मुख्य राजमार्ग गुरुग्राम-अलवर पर सड़क पार कर रहे एक बाइक सवार को ट्रक ने रौंद दिया, जिससे बाइक पर सवार चालक सोहनलाल 40 व उसकी 12 वर्षीय बेटी राखी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सड़क दुर्घटना के बारे में लोगों को जानकारी मिली तो जाम की स्थिति पैदा हो गई, लेकिन पुलिस द्वारा वाहनों को मुख्य मार्ग से हटा दिया गया और आवाजाही सुचारु रूप से चालू करा दी गई।
सुलेला मार्ग से बाइक पर सवार होकर सोहनलाल पुत्र सरवन लाल अपनी बेटी राखी को खेतों से लावणी करने के बाद घर ला रहा था। गुरुग्राम-अलवर मुख्य मार्ग को पार करते समय तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने बाइक को अपने लपेटे में ले लिया और लगभग 30 फुट तक खींच कर ले गया, जिससे बाइक पर सवार सोहनलाल और उसकी पुत्री राखी की मौके पर ही मौत हो गई।
: मुख्य मार्ग मैं बड़े-बड़े गड्ढे और लाइट की व्यवस्था नहीं होने के चलते हो रहे हैं सड़क हादसे :
गुरुग्राम-अलवर मुख्य मार्ग होने के चलते वाहनों की आवाजाही अधिक है, वहीं सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे होने के चलते हादसों में बढ़ोतरी हो रही है। यही नहीं, राजमार्ग होने के बावजूद भी सड़क पर लाइट की व्यवस्था नहीं होने के चलते भी दुर्घटनाओं में बढोतरी हो रही है। लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग होने के बावजूद भी राजमार्ग पर लाइटों की व्यवस्था नहीं होना और सड़कों में बड़े-बड़े गड्ढे होना दुर्घटनाओं की मुख्य वजह है।
फ़ोटो: शहीद स्मारक के पास कोई सड़क दुर्घटना में क्षतिग्रस्त बाइक और मौके पर खड़ा ट्रक।