संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत गुरुग्राम के किसानों को मोटे अनाज, उपज और उन्हें सही उन्नत कृषि के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सौजन्य से पटौदी स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में बृहस्पतिवार को एक दिवसीय जिला स्तरीय किसान मेले का आयोजन किया गया।
किसान मेले का शुभारंभ पटौदी के विधायक सत्यप्रकाश जरावता ने किया। इस दौरान उन्होंने मेले में लगाई गई स्टॉलों का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों बारिश से किसानों की फसलें खराब हुई हैं। इसके लिए लिए उन्होंने विधानसभा में मुद्दा उठाकर पटौदी व फर्रुखनगर में खराब हुई फसलों का मुआवजा देने की मांग की है।
उन्होंने जिलावासियों से मोटे अनाज को प्रतिदिन के आहार में शामिल करने का आह्वान करते हुए कहा कि मोटा अनाज हमारी सेहत के लिए बेहद लाभकारी है, इसलिए हमें इसे अपने हर रोज के आहार में शामिल करना चाहिए। मोटा अनाज में भरपूर मात्रा में पोषक तत्व मौजूद होते हैं। इस अनाज में ज्वार, बाजरा, रागी, मक्का, जौ आदि अनाज शामिल हैं। इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. अनिल कुमार, आयुष विभाग के डॉ. राजेश शास्त्री, कृषि विज्ञान केंद्र से डॉ. कविता, महेश चौहान, पंचायत समिति चेयरमैन पंकजशील यादव सहित काफी संख्या में किसान उपस्थित रहे।