गुरुग्राम। संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्यों ने कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन तेज करना शुरू कर दिया है। उन्होंने बुधवार को लोहड़ी पर्व पर कृषि कानूनों की प्रति जलाई। इस दौरान नारेबाजी कर कृषि कानून वापस लेने की मांग की। वे 17 दिन से कृषि कानूनों के खिलाफ लघु सचिवालय के सामने दिल्ली-जयपुर हाई के समक्ष धरना दे रहे है। बुधवार को कांग्रेस विधायक आफताब अहमद व वाराणसी के तेज बहादुर ने शिरकत की। आफताब अहमद ने कहा कि कृषि कानूनों से आम जनता प्रभावित होगी। किसानों की जमीन चली जाएगी और व्यापारियों का कारोबार खत्म हो जाएगा। इस कारण ही देश भर में इन कानूनों का विरोध हो रहा है, वहीं केंद्र सरकार जनभावना की अनदेखी करते हुए कृषि कानूनों को लागू करने पर अड़ी हुई है। इस मौके पर मोर्चा के अध्यक्ष संतोख सिंह, नवनीत रोज, बलकेश बाल, भीम आर्मी के धर्मबीर परवाल, कमल पहलवान गढ़ौली, कामरेड सतबीर सिंह, ट्रेड यूनियन काउंसिल के महासचिव अनिल पंवार, ऊषा सरोहा, स्वामी नित्यानंद सरस्वती, महताब अहमद, हरपाल सिंह धारीवाल, मीनू सिंह आदि मौजूद रहे।