अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गांव बालियावास के एक गार्डन में पार्टी करने आए छात्रों ने पीट-पीटकर फार्म हाउस के मालिक की हत्या कर दी। विवाद गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुआ था। झगड़ा इतना बढ़ गया कि छात्रों ने फार्म हाऊस के मालिक व कर्मचारियों को जमकर लाठी-डंडा से पीटा। जिसमें घायल फार्म हाऊस के मालिक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
इस मामले में फार्म हाऊस के दूसरे पार्टनर ने केस दर्ज कराया। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए दो आरोपी छात्रों को गिरफ्तार भी कर लिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दोनों आरोपी बंधवाड़ी के रहने वाले हैं, जिनकी पहचान आशीष (19 वर्ष) व सचिन (20 वर्ष) के रूप में हुई। इसके अलावा क्राइम ब्रांच सिकंदरपुर व थाना डीएलएफ फेज-1 की पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
डीएलएफ फेज-1 थाना पुलिस को गत शनिवार की रात को बालियावास गांव स्थित ओएसिस गार्डन में झगड़े के संबंध में सूचना मिली। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के बारे में जानकारी जुटाई।
वहीं इस संबंध में पुलिस को ओएसिस फार्म के पार्टनर मालिक ने झगड़े को लेकर शिकायत दी। इसके बाद रविवार को झगड़े में घायल फार्म हाऊस के पार्टनर मालिक प्रवीन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया और आरोपियों की तलाश में टीमें जुट गईं।