संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। खोह गांव में सीढ़ियों से गिरने के कारण 38 वर्षीय फैक्टरी कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान अशोक कुमार के रूप में हुई है। वह मूलरूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के रिछार गांव के रहने वाले थे और काफी समय से मानेसर के खोह गांव में किराये पर रह रहे थे। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात अशोक कुमार लोहे की सीढ़ियों से छत पर जा रहे थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह नीचे फर्श पर गिर गए। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी। आसपास के लोगों ने उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार, परिवार की ओर से किसी तरह की शिकायत नहीं दी गई है। मकान मालिक और आसपास रहने वाले लोगों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।