नागरिक अस्पताल के नेत्र कक्ष में रोजाना पहुंच रहे कंजक्टिवाइटिस के 140 मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले में तेजी से पिंक आई (कंजक्टिवाइटिस) रोग का खतरा बढ़ गया है। इन दिनों यह आंख का संक्रमण स्कूली बच्चों के साथ-साथ हर उम्र के लोगों में फैल रहा है। इस संक्रमण की चपेट में आ रहे बच्चों व हर उम्र के व्यक्ति की आंखें लाल हो रही हैं। जिले के कई स्कूलों, कॉलेजों में संक्रमण की चपेट में आए बच्चे चश्मा लगाकर पहुंच रहे हैं।
कई स्कूलों और कॉलेजों में संक्रमण से ग्रसित बच्चों को उनके परिजनों को बुलाकर उनके घर भेजा जा रहा है, जिससे संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। इससे आंखें लाल हो जाती हैं। दर्द के साथ खुजली भी होती है। आंखों से पानी बहने की समस्या हो जा रही है। वहीं, सेक्टर-10 के नागरिक अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 120 से 140 मरीज नेत्र रोग विभाग में परामर्श लेने पहुंच रहे हैं। गर्मी में उमस के लगातार बढ़ने के साथ ही नेत्र संक्रमण तेजी से फैल रहा है।
नागरिक अस्पताल की नेत्र सर्जन डॉ. अंजु कटियार बताती हैं कि इस मौसम में कंजक्टिवाइटिस से ग्रसित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसमें आंखों का लाल होना, खुजली, पानी आना, पलकों में सूजन जैसे लक्षण हैं तो आंखों को रगड़े नहीं। वहीं, परिवार के अन्य सदस्यों से दूर रहें। आंखों को पानी से धोने के बाद नेत्र चिकित्सक से सलाह लें।
ये हैं लक्षण और कारण
कंजक्टिवाइटिस आंखों का एक संक्रमण है। जिसे आमतौर पर पिंक आई के नाम से भी जाना जाता है। यह वायरस जनित संक्रामक रोग है। प्रमुख रूप से आंखों का लाल होना, जलन, खुजली और आंख से लगातार आंसू निकलना, साफ या पीला स्राव बहना, पलकें आपस में चिपक जाना, पलक में सूजन होना आदि प्रमुख लक्षण है।
ये सावधानियां बरतें
जब भी बाहर जाएं चश्मा लगाकर रहें। अपना तौलिया और कपड़े किसी से शेयर न करें। जिन लोगों को इन्फेक्शन है, उन्हें स्कूल, कॉलेज या ऑफिस से अवकाश लेने को कहें।
कितने दिन मेंं ठीक होगा आई फ्लू
यह वायरल कंजक्टिवाइटिस है तो यह अपने आप ही ठीक होने वाली बीमारी है। आई फ्लू ठीक होने में 3 से 5 दिन लग सकते हैं। हालांकि संक्रमण एक के बाद दूसरी आंख में भी हो जाता है तो ठीक होने में ज्यादा दिन भी लग सकते हैं।