राजीव चौक : ट्रायल से एक्सप्रेसवे पर लगा जाम
गुरुग्राम। राजीव चौक पर दुर्घटना की संभावना को देखते हुए ट्रायल के तौर पर ट्रैफिक पुलिस ने चारों ओर दो-दो लेन बंद कर दी। इससे दोनों ओर एक्सप्रेसवे पर करीब 5 किमी लंबा जाम लग गया। स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने ट्रायल समाप्त कर दिया। सुबह छह बजे से ट्रायल शुरू किया गया था। राजीव चौक पर चारों ओर पांच-पांच लेन में ट्रैफिक गुजर रहा है। चौराहा काफी अधिक चौड़ा होने के कारण कुछ वाहन चालक एक दूसरे से पहले निकलने की होड़ में लगे रहते हैं। इतना ही नहीं राजीव चौक पर कुछ वाहन चालक गलत दिशा में वाहन लेकर जाते हैं, जिसके कारण दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है। इस समस्या को दूर करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने राजीव चौक पर चारों तरफ दो से तीन लेन बंद कर दी। ऐसे में वाहनों को अलग लेन में निकलने की जगह नहीं मिल पाई। बृहस्पतिवार को किए गए ट्रायल के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली से जयपुर साइड राजीव चौक से सिग्नेचर टावर तक जाम लग गया। उधर, जयपुर से दिल्ली साइड राजीव चौक से हीरो होंडा चौक तक जाम लग गया। सुबह करीब 11 बजे स्थिति बिगड़ती देख अधिकारियों ने ट्रायल समाप्त कर दिया।