अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा के नेतृत्व में गुरुग्राम के ब्राह्मण समाज ने दान की जमीन का मालिकाना हक मिलने पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त किया है। शक्ति नगर स्थित भगवान परशुराम वाटिका में आयोजित मुख्यमंत्री के धन्यवाद कार्यक्रम में उनके मीडिया सलाहकार सुनील शर्मा को ब्राह्मण समाज की ओर से एक आभार पत्र सौंपा गया, जिसमें ब्राह्मण समाज ने मुख्यमंत्री की घोषणा को तत्काल अमली जामा पहनाने पर आभार प्रकट किया गया है।
जीएल शर्मा ने मुख्यमंत्री का आभार प्रकट करते हुए कहा कि सालों पहले दान में मिली धौली की जमीन का मालिकाना हक व बेचने का अधिकार ब्राह्मण समाज को मिल गया है। इस संदर्भ में वित्तीय आयुक्त राजस्व एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव ने सभी जिला उपायुक्तों को पत्र लिखकर निर्देश भी दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल नेक इरादों के साथ अपने वादे निभा रहे हैं। कार्यक्रम में आदर्श ब्राह्मण सभा के मुख्य संरक्षक योगेश कौशिक, अध्यक्ष आरपी कौशिक, महेश वशिष्ठ, भगीरथ भारद्वाज, राजकिशन कौशिक, प्रेम प्रेम प्रकाश, अरुण शर्मा व अंबिका प्रसाद समेत अन्य मौजूद रहे।