गुरुग्राम। हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान 2025 के तहत नगर निगम गुरुग्राम ने बेगमपुर खटोला स्थित सरस्वती इंटरनेशनल स्कूल व सदर बाजार में विशेष स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों और निवासियों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ाना था। बेगमपुर खटोला में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम गुरुग्राम के संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार मौजूद रहे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी और बुलंद आवाज वेलफेयर सोसाइटी की उपाध्यक्ष प्रिंका यादव ने भी हिस्सा लिया। प्रिंका यादव ने विद्यार्थियों को घर में दो कूड़ेदान रखने का महत्व समझाया। वहीं, सदर बाजार में आयोजित कार्यक्रम में आईईसी एक्सपर्ट प्रियंका के नेतृत्व में डीएसडी कॉलेज के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दुकानदारों व आमजन को स्वच्छता बनाए रखने और सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने के लिए प्रेरित किया। ब्यूरो