आंधी के कारण कटी थी बिजली, लोगों में रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। 15 मई की रात को आंधी के कारण बिजली का खंबा गिरने से बिजली बाधित हो गई। बिजली विभाग को मौखिक और लिखित रूप से शिकायत दिए जाने के बाद भी लगभग तीन दिन बीत जाने के बाद भी क्षेत्र के किसानों को दी जाने वाली बिजली और ग्रामीण हलकों में जाने वाली बिजली सुचारु रूप से चालू नहीं हो पाई है, जिसके चलते लगभग 70 घंटे बाद भी खंड के गांव रावली कुबडाबॉस में 40 परिवारों के 200 लोग अंधेरे में हैं। गांव के आरिफ, साजिद, मूबीन, वारिस ने फिरोजपुर झिरका दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के उपमंडल अभियंता को शिकायत देकर जल्द से जल्द बिजली ठीक कराने की गुहार लगाई है। लोगों का कहना है कि अगर विभाग द्वारा जल्द बिजली का समाधान नहीं किया जाता है, तो लोग सड़क पर उतरेंगे।
ग्रामीणों ने कहा कि बिजली नहीं आने को लेकर लगातार विभाग के कर्मचारियों के संपर्क में हैं, लेकिन कर्मचारी एक-दूसरे पर डालकर खानापूर्ति कर रहे हैं, जबकि लोगों को बिजली नहीं मिल पाने से भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।