दो सत्रों में दो-दो विषयों के पेपर आयोजित, स्कूलों में ही बनाए गए प्रश्नपत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले के 210 सरकारी स्कूलों में सोमवार से छठी से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए छात्र मूल्यांकन टेस्ट (सेट) शुरू हुए। सभी कक्षाओं में एक दिन में दो सत्रों में दो-दो विषयों के एक-एक घंटे का पेपर विद्यार्थियों ने दिया। अप्रैल से जुलाई माह तक कक्षाओं में शिक्षकों द्वारा पढ़ाए पाठ्यक्रम के आधार पर ही पेपर हुए। अबकी बार छात्र मूल्यांकन टेस्ट (सेट) के लिए शिक्षा विभाग ने प्रश्नपत्र नहीं भेजे ।
शिक्षा विभाग ने पहले ही पत्र जारी करके स्कूली स्तर पर पेपर कराने के निर्देश जारी कर दिए थे। ऐसे में स्कूली स्तर पर ही प्रश्नपत्र तैयार करके छात्र मूल्यांकन टेस्ट आयोजित कराए गए। सोमवार को पहले सत्र में छठी कक्षा में हिंदी, सातवीं में गणित, आठवीं, नौवीं व दसवीं में अंग्रेजी, 11वीं में गणित, बायोलॉजी, राजनीतिक विज्ञान, पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन और 12वीं कक्षा में इतिहास, फिजिक्स, अकाउंटेंसी का पेपर हुआ। जबकि दूसरे सत्र में छठी में गणित, सातवीं में सामाजिक विज्ञान, आठवीं में हिंदी, नौवीं व दसवीं का संस्कृत, उर्दू, 11वीं में फाइन आर्ट, म्यूजिक और 12वीं कक्षा में एनएसक्यूएफ विषय के तहत पेपर हुआ।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सरोज दहिया ने बताया कि सभी स्कूलों में छठी से 12वीं कक्षा के छात्रों के मूल्यांकन के लिए पेपर हो रहे हैं। जिसके आधार पर विद्यार्थियों के शिक्षा स्तर का आकलन किया जाएगा और उसी आधार पर पढ़ाई कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि छठी से दसवीं कक्षा के पेपर नौ अगस्त तक और 11वीं व 12वीं कक्षा के पेपर 11 अगस्त तक होंगे।