गुरुग्राम। स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा को लेकर दिल्ली में भारी वाहनों के प्रवेश मंगलवार शाम से बंद हो जाएंगे। भारी वाहन मंगलवार शाम पांच बजे से बुधवार दोपहर डेढ़ बजे तक दिल्ली में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। इसी तरह ही बृहस्पतिवार शाम पांच बजे से शुक्रवार दोपहर डेढ़ बजे तक वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। इसी को लेकर यातायात पुलिस ट्रक यूनियन के प्रधानों और पदाधिकारियों के साथ बैठक भी कर रही है। मीटिंग में बताया गया कि स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा को लेकर भारी वाहनों पर रोक लगाई गई है। इस दौरान जरूरी सामान लेकर जा रहे वाहनों पर कोई भी प्रतिबंधित नहीं रहेगा। उन्होंने निर्देश दिया है कि वह अपने वाहनों को सही पार्किंग में ही खड़ा करें ताकि किसी भी प्रकार से यातायात के आवागमन में अन्य वाहन चालकों को परेशानी न हो। जो भी भारी वाहन अन्य राज्यों या जिलों में जाना चाहते हैं वह केएमपी एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल कर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। यातायात पुलिस की तरफ से सुरक्षा व्यवस्था के लिए विभिन्न जगहों पर नाके भी लगाए जाएंगे।