संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। एससीईआरटी हरियाणा, गुरुग्राम के दिशा-निर्देशानुसार जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डाइट गुरुग्राम में पीजीटी बायोलॉजी एवं टीजीटी साइंस शिक्षकों के दूसरे बैच का पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन 17 से 21 अगस्त तक जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी एवं डाइट प्रिंसिपल सुमिता रांगी के नेतृत्व और ट्रेनिंग विंग इंचार्ज सोना यादव की देखरेख में किया गया। ट्रेनिंग विंग सदस्य डॉ. ओमबीर यादव ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रतिभागियों का प्री-टेस्ट और पोस्ट-टेस्ट लिया गया। इनके आधार पर प्रशिक्षण की प्रभावशीलता का अध्ययन किया जाएगा। प्रशिक्षण में 21वीं सदी के कौशल, समावेशी शिक्षा, विद्यालय आधारित मूल्यांकन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं डिजिटल टूल, साइंस किट का उपयोग, अनुभवजन्य अधिगम, कला समेकित शिक्षा, एनईपी-2020, एनसीएफ-2023, बायोटेक्नोलॉजी, जीव विज्ञान वर्गीकरण, प्रकाश संश्लेषण, पौधों की संरचना और वर्चुअल लैब समेत विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम में डाइट के वरिष्ठ प्राध्यापक तखत सिंह चौहान, अरुण कुमार राघव, अनिल कुमार, उषा रानी, सविता तहलान, मुकेश शर्मा सहित अन्य स्टाफ सदस्यों का सहयोग रहा।