मंगलवार की रात ट्रांसफार्मर में हो गया था ब्लास्ट, जेनसेट से चल रहा काम
डीजल आधारित बिजली के चुकाने पड़ रहे हैं 30 रुपये प्रति यूनिट
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर 70 ए स्थित बीपीटीपी एस्टेयर गार्डन में पिछले चार दिनों से बिजली नहीं है। यह हाल तब है जबकि सोसाइटी में नियमों के अनुसार 33 केवीए सबस्टेशन बनाया गया है। बीते मंगलवार की रात यहां लगे ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट हो गया। इसके बाद से ही सोसाइटी की बिजली गुल है। जेनसेट के सहारे काम चलाया जा रहा है, ऐसे में लोगों को तीस रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली का बिल चुकाना पड़ रहा है।सोसाइटी में 650 परिवार रहते हैं। सोसाइटी में नया ट्रांसफार्मर आ गया है, लेकिन अभी उसकी टेस्टिंग चल रही है। सोसाइटी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष निहार रंजन ने बताया कि अभी भरोसा नहीं है कि बिजली आएगी। बिजली निगम की बिजली नहीं होने पर जेनसेट से बिजली का काम चलाना पड़ता है। यह प्रति यूनिट 27 से 30 रुपये का होता है, यह निवासियों की जेब पर अनावश्यक ही अतिरिक्त भार पड़ रहा है। बिल्डर से मांग की गई है कि अगर 12 मेगावाट की बिजली है तो दो ट्रांसफार्मर रखे जाएं, जिससे एक के खराब होने पर दूसरे से काम चलता रहे। जेनसेट की बिजली बहुत महंगी पड़ती है।
मेरे पास सोसाइटी के लोग शिकायत लेकर आए थे। कार्यकारी अभियंता और एसडीओ को मौके पर भेजा है। वे जांच कर बताएंगे की क्या मामला है। वहां बिजली निगम ने बिजली नहीं काटी, उनका अपना ट्रांसफार्मर का फॉल्ट है। - पीके चौहान, एसई, डीएचबीवीएन