शहर में कई जगह पेड़, बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर गिरे 15 घंटे तक गायब रही बिजली, कई क्षेत्रों में नहीं हुई पानी की आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शुक्रवार को रात 10 बजे आई आंधी के बाद शहर में बिजली व्यवस्था चौपट हो गई । इसके चलते पांच घंटे से लेकर 15 घंटे तक बिजली व्यवस्था प्रभावित रही। बिजली न होने के कारण सुबह कई इलाकों में पानी की आपूर्ति नहीं हुई। जिससे लोगों का जन जीवन अस्त-व्यस्त रहा।
आंधी ने स्मार्ट ग्रिड, अंडरग्राउंड केबल जैसे बिजली निगम के तमाम दावों, उपायों को धराशायी कर दिया। कई जगह पेड़ और बिजली के पोल गिर गए। मौसम विभाग के अनुसार 26 से 48.15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा ने पेड़ गिराए, डालियां टूटी, बिजली के खंभे गिरे, तार टूटे और शहर के ज्यादातर इलाकों में पूरी रात बिजली नहीं रही। कई जगह सुबह पानी नहीं आया। सेक्टर 21, 22, 23 सेक्टर 45, डीएलएफ के कई इलाकों में शनिवार को भी बिजली और पानी नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
चंदू बुढ़ेरा के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में डेढ़ घंटे बिजली नहीं थी तो बसई के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में आंधी के बाद पूरी रात बिजली नहीं थी। इस प्लांट से जुड़े हिस्सों में शनिवार की सुबह जलापूर्ति नहीं हो पाई। प्लांट में सुबह नौ बजे बिजली बहाल हो पाई। सेक्टर 45, सेक्टर सात, पटौदी रोड पर अमर कॉलोनी के पास सेक्टर सात आदि में बिजली के खंभे गिरने के कारण आंधी के बाद गई बिजली शनिवार शाम तक बहाल नहीं हो पाई। डीएलएफ सबस्टेशन इलाके में 34 जगहों पर पेड़ गिर गए । सुशांत लोक में 11 पेड़ गिर गए, सेक्टर 56 में 15 पेड़ गिर गए। सेक्टर 23 में पांच बिजली के खंभों समेत ट्रांसफार्मर उखड़ कर गिर गया। पटौदी रोड पर एक बड़ा नीम का पेड़ सड़क पर गिर गया। आंधी के कारण साउथ सिटी और सेक्टर 23 में ट्रांसफार्मर उखड़ कर गिर गया। सेक्टर 31 में चार पोल उखड़ गए।
सेक्टर-45 में बिजली का पाेल उखड़ा
सेक्टर 45 में आंधी के कारण बिजली का पोल उखड़ गया। इस कारण इस इलाके रात 10.30 बजे से बिजली नहीं थी। शाम तक बिजली कर्मी जेसीबी की मदद से पोल को ठीक करने में जुटे रहे। यहां एक पेड़ से उलझ कर बिजली का पोल गिर गया था। इस कारण सेक्टर में शुक्रवार रात और शनिवार को पूरे दिन बिजली नहीं थी। सेक्टर के आरडब्ल्यूए महासचिव पुनीत पाहवा ने बताया कि समय पर पेड़ों की छंटाई की गई होती तो यह स्थिति नहीं होती। सेक्टर 15 में झाडसा बांध और सेक्टर 47 में मालिबू टाउन के पास झाड़सा बांध के आस-पास कई पेड़ गिर गए।
पानी की समस्या से जूझे लोग
बसई के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में आंधी के बाद शनिवार को सुबह नौ बजे तक बिजली नहीं थी। इस कारण बूस्टिंग स्टेशन से सुबह पानी की आपूर्ति नहीं हुई। इसका सीधा असर उन इलाकों में पड़ा जहां बिजली भी नहीं थी। सेक्टर 21, 23, सेक्टर तीन, पांच, छह आदि में पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई। इसका असर आगे भी पड़ सकता है। जहां बिजली थी, वहां टंकी के बैकअप से पानी की आपूर्ति हुई है। बसई के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से सेक्टर 21, 22, 23, 23ए, डूंडाहेड़ा, सेक्टर 16 के बूस्टिंग स्टेशन से जुड़े इलाकों सेक्टर 47, डीएलएफ, खांडसा रोड, सेक्टर तीन, पांच छह आदि में पानी की आपूर्ति होती है।
लोगों ने कहा
सेक्टर तीन, पांच और छह में शुक्रवार की रात आंधी के बाद बिजली गुल हो गई थी। सेक्टर के कुछ हिस्सों में शनिवार सुबह छह बजे बिजली आ गई थी मगर बहुत सारे हिस्सों में शनिवार को शाम तीन बजे दोबारा बिजली आई । सेक्टर के कुछ हिस्सों में शाम तक बिजली नहीं थी। सेक्टर में बिजली नहीं होने कारण पानी की आपूर्ति भी नहीं हो पाई। - दिनेश वशिष्ठ, पूर्व आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सेक्टर 3, 5,6
रात की आंधी के बाद सेक्टर में पांच घंटे बिजली नहीं थी। झाड़सा बांध पर पेड़ गिर गए इस कारण भी काफी दिक्कत आई है। रमेश वशिष्ठ, सेक्टर 15 पार्ट - वन
सेक्टर में शुक्रवार को रात दस बजे गई बिजली सुबह 10 बजे आई। सेक्टर के कुछ हिस्से में शाम तक बिजली नहीं आई। पिछले कई दिनों से यहां दिन में तीन-तीन घंटे बिजली नहीं रहती है। मलखान सिंह, सेक्टर 23 ए वेस्ट जोन
सेक्टर 56 में शुक्रवार रात दस बजे गई बिजली कुछ जगहों पर सुबह चार बजे और कुछ जगहों पर सुबह 10 बजे दोबारा आई। आधे सेक्टर में ट्रांसफार्मर खराब हो जाने के कारण शनिवार शाम तक बिजली नहीं थी। हरीश यादव, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सेक्टर 56
अधिकारी ने कहा
सर्किल टू में 18 पोल, दो ट्रांसफार्मर, और 53 जगहों पर पेड़ गिरने के कारण बिजली व्यवस्था सुचारु करने में परेशानी आई मगर शनिवार दोपहर बाद तक सभी जगहों पर बिजली व्यवस्था सामान्य कर दी गई है। कुछ जगहों पर उखड़े खंभों को दोबारा लगाने में मशक्कत करनी पड़ी, इसलिए थोड़ी देरी हुई । -पीके चौहान, एसई सर्किल -2