सेक्टर-51 में बूस्टिंग स्टेशन की मरम्मत और चंदू बुढेरा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का हुआ रखरखाव
28 सेक्टरों में पानी की आपूर्ति बंद रही, सोहना रोड पर 33 और 11 केवी के आउट गोइंग फीडर किए बंद
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। भीषण गर्मी के बीच बृहस्पतिवार को शहर के एक बड़े हिस्से में 12 घंटे तक बिजली और पानी की आपूर्ति बंद रहने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। हालांकि एक दिन पहले ही गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएडीए) और बिजली विभाग ने आपूर्ति बंद होने की घोषणा कर दी थी, लेकिन इसके बाद भी बहुत बड़ी संख्या में लोग इस बात से अनजान थे। वह पानी का भंडारण नहीं कर सके थे।
बृहस्पतिवार को शहर के एक बड़े हिस्से में एक साथ पानी और बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली नहीं होने के चलते दिन भर जेनरेटर दहाड़ते रहे और धुआं उगलते रहे। जीएमडीए के सेक्टर-51 स्थित बूस्टिंग स्टेशन की मरम्मत और चंदू बुढेरा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के रखरखाव का काम होने के चलते सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक करीब 12 घंटे 28 सेक्टरों में पानी की आपूर्ति बंद रही। इनमें सेक्टर-44 से लेकर सेक्टर-72 तक पानी की आपूर्ति बंद रही। साथ ही डीएलएफ फेस-5 और डीएलएफ फेस-2 के डी ब्लॉक में पानी की सप्लाई बंद रही। इस दौरान मास्टर वाटर सप्लाई बूस्टिंग स्टेशन-51 में पूरी तरह शट डाउन रखा गया। इसके अलावा सोहना रोड पर भी सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक पानी की आपूर्ति की लाइन में लीकेज बंद करने के लिए बिजली आपूर्ति बंद रही। जीएमडीए के उप संभागीय अधिकारी ने सोहना रोड स्थित एडब्ल्यूएचओ से पानी के रिसाव रोकने के लिए 33 और 11 केवी के आउट गोइंग फीडरों को बंद करने के लिए कहा था।
इन फीडरों पर बंद रही बिजली
1- 220 केवी सेक्टर-72 से 33 केवी एडब्ल्यूएचओ फीडर
2- 11 केवी यूनीवर्ल्ड गार्डन - I 66 केवी सब स्टेशन सेक्शन-47
3- 11 केवी यूनीवर्ल्ड गार्डन - II 66 केवी सब स्टेशन सेक्शन-47
4- 66 केवी सब स्टेशन सेक्टर-47 से 11 केवी निकी योगी फीडर
5- 66 केवी सब स्टेशन सेक्टर-47 से 11 केवी घासोला फीडर
6- 66 केवी सब स्टेशन सेक्टर-47 से 11 केवी एसटीपी प्लांट फीडर
7- 66 केवी सब स्टेशन सेक्टर-47 से 11 केवी जीएमडी मेगापोलिस
8- 66 केवी सब स्टेशन सेक्टर-47 से 11 केवी ब्लू बर्ड फीडर
9- 66 केवी सब स्टेशन सेक्टर-47 से 11 केवी वेलडाउन फीडर
10- 66 केवी सब स्टेशन सेक्टर-47 से 11 केवी त्रेहान फीडर
-
हमारे यहां पहले से ही पानी का संकट है। एक अतिरिक्त लाइन की मांग हमने की थी, गर्मी के मौसम में ऐसे रखरखाव के कार्यक्रम से परेशानी होती है। - विजय शिवनाथ, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष मालिबू टाउन, सेक्टर- 47
वैसे भी हम लोगों को इन दिनों कम पानी मिल रहा है। पानी की किल्लत को रोकने के उपाय किए जाने चाहिए। 12 घंटे बिजली बंद होने से जेनरेटरों पर निर्भरता हो जाती है, जिससे परेशानी होती है। - विक्रम बिश्नोई, यूनिटेक रेजिडेंसी सेक्टर- 33