गुरुग्राम। मादक पदार्थों के साथ पकड़े गए आठ आरोपियों को रिमांड पूरा होने के बाद जेल भेजा जा चुका है। पूछताछ के आधार पर पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। अपराध शाखा सेक्टर-43 की पुलिस ने 16 जून को नशा तस्करी के अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह नाइजीरियन व एक नेपाली सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनसे दो किलो कोकीन, एक किलो सुल्फा, 42 मोबाइल, तीन इलेक्ट्रॉनिक्स स्केलस, आठ पैकिंग पैकेट, पासपोर्ट समेत साढ़े सात हजार रुपये नकदी बरामद की थी। आरोपियों की पहचान मिजोरम निवासी लाल कोठारी, नाइजीरियाई नागरिक उगोचुकमु जॉन उर्फ डेविड और ननजियोफोर पीटर, हेनरी ओनुचुकवु, ओजुकवा इफेन्या, फ्राइडे टोबियास और ओकोली के रूप में हुई थी। पूछताछ में सामने आया कि वे दिल्ली में ही नशीला पदार्थ तैयार कर उसे ऑनलाइन ऑर्डर पर बेचते थे। वे डार्क वेब के माध्यम से दिल्ली में मादक पदार्थ का कच्चा माल मंगवाते थे। कच्चे माल से मादक पदार्थ को तैयार किया जाता था। आरोपी बिमल पहाड़ी ने पुलिस को बताया था कि वह मनाली (हिमाचल प्रदेश) में होटल चलाता था लेकिन होटल पर काफी नुकसान होने के बाद बीते दो साल से नेपाल में होटल चलाने लगा और होटल पर ही मादक पदार्थ बेचने का काम करने लगा। आरोपी बिमल पहाड़ी दिल्ली से नाइजीरियन से मादक पदार्थ खरीदकर लाता था। आरोपी बिमल पहाड़ी ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली से नेपाल छह बार मादक पदार्थ ले जा चुका था। ब्यूरो