आज से डीपीआर बनाने का काम शुरू करेगी एजेंसी, छह माह में करना होगा पूरा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम-फरीदाबाद स्टेट हाईवे पर घाटा मोड़, खुशबू चौक (डीएलएफ) और पाली चौक क्रशर जोन (फरीदाबाद) पर फ्लाईओवर / अंडरपास बनाने की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराने का काम एक एजेंसी को सौंप दिया गया है। एजेंसी सोमवार से काम शुरू करेगी। एजेंसी को छह माह के अंदर रिपोर्ट बनाकर लोक निर्माण विभाग को देनी है। इसी अनुसार स्टेट हाईवे पर फ्लाईओवर और अन्य कदम उठाए जाएंगे।
गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर वाहनों का काफी दबाव रहता है। ऐसे में करीब 50 हजार वाहन चालकों को रोज घंटों जाम में जूझना पड़ता है। फरीदाबाद रोड पर घाटा मोड़, खुशबू और पाली चौक पर सबसे ज्यादा जाम लगता है। ऐसे में लोगों की लंबे समय से फरीदाबाद रोड पर फ्लाईओवर / अंडरपास बनाने की मांग चल रही है। इस पर प्रदेश सरकार गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड को जाम मुक्त बनाने की योजना पर काम कर रही है। इसके लिए तीनों जगहों पर फ्लाईओवर बनाने की योजना है। लोक निर्माण विभाग इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनवाने के लिए कंसल्टेंट से डीपीआर बनवाने जा रहा है ताकि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए निर्माण कराया जा सके।लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता चरणदीप सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार ने इस योजना की मंजूरी पहले दे दी थी। चुनाव के कारण एजेंसी को कार्य नहीं दिया गया था।
घाटा मोड़ से वाटिका चौक रोड का होगा सुधार
फरीदाबाद से आने वाले वाहन चालक घाटा गांव मोड़ होते हुए वाटिका चौक होकर जयपुर-दिल्ली हाईवे पर खेड़कीदौला आ जाते हैं। वहीं, मुंबई जाने वाले वाटिका चौक से होकर सोहना की ओर चले जाते हैं। इस रोड पर गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण की ओर से फ्लाईओवर / अंडरपास बनाने की योजना है। जीएमडीए इस सड़क को भी चौड़ा कराने की योजना रखता है। इस रोड के बन जाने से गुरुग्राम से फरीदाबाद के बीच यातायात सुगम हो सकेगा। इसके लिए भी जीएमडीए अलग से डीपीआर बनवाएगा।