मानेसर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की ओर से लोगों को हीट वेव (लू) को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इलाके में लगातार तापमान बढ़ रहा है और शनिवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री रहा। स्वास्थ्य केंद्र नखडौला के डॉ. तरुन चोपड़ा और भांगरौला केंद्र के डॉ. अजीतेश ने लोगों से अपील की है कि इस मौसम में सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। खासकर दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचें और ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। डॉक्टरों ने बताया कि लू लगने से चक्कर आना, कमजोरी, उल्टी और बुखार जैसी समस्याएं हो सकती हैं, इसलिए शुरुआत में ही लक्षण दिखने पर तुरंत इलाज कराना चाहिए। संवाद